गोरखपुर। विजयादशमी पर मुख्यमंत्री व गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में निकलने वाली पारंपरिक शोभायात्रा के लिए नगर निगम ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। गोरखनाथ मंदिर से मानसरोवर तक शोभायात्रा मार्ग को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। पूरे रास्ते में रंग-बिरंगी झालरें, दूधिया रोशनी, ध्वजाएं और तोरणद्वार उत्सव की छटा बिखेर रहे हैं।
श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए जगह-जगह भव्य स्वागत द्वार बनाए गए हैं। वहीं, दीवारों पर आध्यात्मिक और पौराणिक प्रसंगों को दर्शाती मनमोहक चित्रकारी कराई गई है, जो शहर की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित कर रही है। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम रखने के लिए मार्ग से सभी अस्थायी अतिक्रमण हटवा दिए गए हैं। क्षतिग्रस्त सड़कों पर पैचवर्क और मरम्मत का काम पूरा कराया गया है।
सुरक्षा के मद्देनजर रास्ते में पड़ने वाले खुले नालों और नालियों को ढंक दिया गया है। साथ ही लटकते और जर्जर बिजली के तारों व केबलों को व्यवस्थित कर सुरक्षित ऊंचाई पर कसवाया गया है, ताकि शोभायात्रा के दौरान किसी तरह की बाधा या दुर्घटना की आशंका न रहे।
-सफाई से लेकर फॉगिंग तक की व्यवस्था
शोभायात्रा मार्ग पर नगर निगम की स्वास्थ्य एवं स्वच्छता टीम विशेष सफाई अभियान चला रही है। पूरे रास्ते की नियमित धुलाई, चूने और ब्लीचिंग का छिड़काव कराया जा रहा है। मच्छरों के लार्वा को नष्ट करने के लिए एंटी लार्वा का छिड़काव और शाम को फॉगिंग की व्यवस्था की गई है। नगर निगम की टीमों को शोभायात्रा के दौरान भी सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
-मेयर और नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण
तैयारियों का जायजा लेने के लिए मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और नगर आयुक्त अजय जैन ने नगर निगम के उच्च अधिकारियों के साथ शोभायात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं को देखा और संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।