शिफ्ट होगी जलापूर्ति, जलकल विभाग ने नई पाइपलाइन बिछाने की बनाई योजना
20.34 करोड़ रुपये खर्च होंगे, 10.17 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त
गोरखपुर। रुस्तमपुर ढाला से मलौनी बंधे पर विष्णु ढाला तक की सड़क चौड़ी होगी। यह सड़क टू लेन बनेगी। इसके पहले चरण में जलापूर्ति के लिए पाइपलाइन बिछाई जाएगी और नाला निर्माण होगा। इसके बाद सड़क को टू लेन किया जाएगा। इसके बन जाने से करीब पांच किमी के दायरे में रहने वाले तीन से चार लाख लोगों को जाम से राहत मिल जाएगी।
प्रस्ताव के मुताबिक, रुस्तमपुर ढाला से आजाद चौक, बगहा बाबा मंदिर होते हुए मलौनी बांध तक जाने वाले मार्ग का चौड़ीकरण होगा। इसके लिए नाप-जोख करके निशान लगाया जा चुका है। करीब तीन किमी लंबाई में सड़क को चौड़ा करने के लिए 20.34 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस राशि में पांच वर्षों तक सड़क का रखरखाव भी शामिल है। शासन की ओर से वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए इस परियोजना के तहत 10.17 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त कर दी गई है। स्वीकृत धनराशि में से 03.62 करोड़ रुपये जलकल विभाग को जलापूर्ति पाइप लाइन शिफ्टिंग के लिए मिलेंगे।
सड़क चौड़ीकरण कार्य के चलते पुरानी जलापूर्ति पाइपलाइन प्रभावित होगी। इसे देखते हुए नगर निगम के जलकल विभाग ने नई पाइपलाइन बिछाने की योजना बनाई है। करीब 2700 मीटर लंबे इस मार्ग के दोनों तरफ नई डीआई पाइपलाइन डाली जाएगी। अलग-अलग हिस्सों में 250 एमएम, 200 एमएम और 150 एमएम की पाइप का उपयोग होगा। इस कार्य पर लगभग 3.69 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और करीब 800 घरों को नए जल कनेक्शन दिए जाएंगे।
वर्तमान में रुस्तमपुर ढाला से मलौनी बंधे पर विष्णु ढाला तक जाने में रोजाना जाम में फंसना पड़ता है। रुस्तमपुर से आजाद चौक सड़क पर अतिक्रमण भी है। स्कूल की छुट्टी के समय और शाम को यहां भीड़ ज्यादा होती है और जाम लग जाता है। सड़क चौड़ा होने के बाद लोग सरपट आ-जा सकेंगे।
रुस्तमपुर ढाले से विष्णु ढाला मलौनी बांध तक सड़क चौड़ी होगी। इसके लिए 10.17 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त कर दी गई है। लोक निर्माण विभाग सड़क के दोनों किनारों पर नाला निर्माण भी कराएगा।
- दुर्गेश मिश्र, अपर नगर आयुक्त