- गोरखनाथ इलाके में 10 मार्च को हुई थी वारदात, नकदी-चांदी समेत वाहन व मोबाइल बरामद
- गिरोह बनाकर वारदातों को अंजाम देते थे आरोपी
गोरखपुर। गोरखनाथ थाना क्षेत्र में हुई चोरी की बड़ी वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए एक गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में तिवारीपुर के निजामपुर चौराहा निवासी मुस्तकीम, गोरखनाथ के हुसैनाबाद जमुनहियाबाग निवासी सलमान अंसारी, चिलुआताल के मोहरीपुर निवासी मोहम्मद कैफ, शेखपुरवा निवासी नादिर बेग और तिवारीपुर के नर्सिंहपुर निवासी विशाल कुमार अग्रहरि शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से एक लाख रुपये नकद, 191 ग्राम चांदी, चोरी के रुपये से खरीदा गया दोपहिया वाहन, घटना में प्रयुक्त एक स्कूटी तथा पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, 10 मार्च को संतोष नगर, लच्छीपुर, बरगदवां निवासी सुबेदार पुष्पाकर अपने परिवार के साथ देवरिया गए हुए थे। अगले दिन 11 मार्च को जब वे घर लौटे तो मकान का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरे में रखी आलमारी का लॉकर भी तोड़ा गया था और उसमें रखे जेवर व नकदी चोरी हो चुकी थी। इस संबंध में पीड़ित की तहरीर पर थाना गोरखनाथ में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। दो टीमें इसकी जांच कर रही थीं।
गिरोह बनाकर देते थे अंजाम
पुलिस के अनुसार, आरोपी गिरोह बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। इनमें से कुछ का आपराधिक इतिहास भी है। मोहम्मद कैफ और नादिर बेग रेकी करते थे। गिरोह के सरगना मुस्तकीम और सलमान अंसारी थे। चारों मिलकर वारदात को अंजाम देते थे। इसके बाद माल को बेचने में विशाल इनकी मदद करता था। गिरोह सुनसान मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम देता था।
बंद मकान में चोरी की वारदात के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से नकद और चांदी भी बरामद की गई है। आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
- रवि सिंह, सीओ गोरखनाथ