कुल 1640 मीटर बनेगी सड़क, ड्रेनेज से लेकर स्ट्रीट लाइट की सुविधा
बिजली के तार नहीं आएंगे नजर, पूरी सड़क पर हरियाली का होगा इंतजाम
गणेश से शास्त्री चौक की सड़क पहले से ही विकसित कर रहा है नगर निगम, खर्च होंगे 34 करोड़
गोरखपुर। गणेश चौराहा से यूनिवर्सिटी चौराहा और प्रधान डाकघर से डीएम आवास होते हुए हरिओम तिराहा की सड़क 34 करोड़ रुपये की लागत से स्मार्ट होगी। इस सड़क का निर्माण अगले साल सितंबर महीने तक पूरा होगा। स्मार्ट सड़क पर बिजली के तार अंडरग्राउंड होंगे। ड्रेनेज से लेकर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था से नागरिकों को राहत मिलेगी।
स्मार्ट सड़क कुल 1640 मीटर लंबी होगी। इसके तहत गणेश से यूनिवर्सिटी चौराहे की कनेक्टिंग सड़क को भी स्मार्ट बनाया जा रहा है। इसमें प्रधान डाकघर से डीएम आवास होते हुए हरिओम नगर तिराहा तक की सड़क पर सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। नगर निगम के जिम्मेदारों का दावा है कि स्मार्ट सड़क से जहां अतिक्रमण हटेगा वहीं ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात भी मिल जाएगी। बता दें कि गोलघर से लेकर शास्त्री चौक तक की सड़क पहले से ही स्मार्ट बनाई जा रही है।
कुल 1640 मीटर लंबी सड़क पर 34 करोड़ रुपये खर्च होंगे। 15 महीने के अंदर निर्माण कार्य पूरा होगा। निर्माण करने वाले ठेकेदार को स्मार्ट सड़क का पांच साल तक देखरेख भी करना होगा। निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा।
- अमित शर्मा, मुख्य अभियंता, नगर निगम