बड़हलगंज के रामकवल शाही घाट की घटना, अंतिम संस्कार में शामिल होने आया था युवक
बड़हलगंज (गोरखपुर)। थाना क्षेत्र के रामकवल शाही घाट पर बुधवार को सरयू नदी में स्नान करते समय एक युवक की डूबने से मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब वह एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए घाट पर आया था। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर बड़हलगंज पुलिस मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद युवक को नदी से बाहर निकाला। इसके बाद उसे सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, कौड़ीराम क्षेत्र के मिश्रौली गांव निवासी जगलाल गुप्ता का निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार बुधवार को बड़हलगंज स्थित मुक्तिपथ पर किया जा रहा था। अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए गांव का 23 वर्षीय चंद्रभान गौड़ भी आया था। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वहां मौजूद लोग सरयू नदी के रामकवल शाही घाट पर स्नान करने पहुंचे।
स्नान के दौरान चंद्रभान अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया। इसके बाद अंतिम संस्कार में शामिल अन्य लोग उसे बचाने के लिए नदी में कूद पड़े, लेकिन वह तेज बहाव और गहराई के चलते लापता हो गया। करीब आधे घंटे की तलाश के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक सुनील राय ने बताया कि स्नान के दौरान युवक की डूबने से मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।