फोटो
- जीडीए की सख्ती के बीच दुकानों की साफ-सफाई में लगे रहे दुकानदार
- एक तरफ दुकानदार हो रहे थे शिफ्ट दूसरी तरफ नाली के लिए चल रही थी खुदाई
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। रामगढ़ताल के किनारे महंत दिग्विजयनाथ पार्क में बने फूड जोन में खाने-पीने की दुकानों के शिफ्ट होने का सिलसिला शुरू हो गया है। सोमवार से ही सड़क पर कोई भी दुकान नहीं लग रही है। दो से तीन दिन में सभी दुकानें पार्क के भीतर संचालित होंगी। मंगलवार को दुकानदार अपनी आवंटित दुकान के साफ-सफाई में जुटे रहे। इस बीच फूड जोन के दोनों लेन में नाली निर्माण के लिए भी खोदाई का काम शुरू करा दिया गया है।
पिछले सप्ताह जीडीए ने लाॅटरी के माध्यम से फूड जोन की 103 अस्थायी कियोस्क के नंबर आवंटित कर दिए थे। संबंधित दुकानों में आवंटियों को जाने के निर्देश दिए गए। इसके बाद रविवार से शिफ्टिंग शुरू हो गई। सोमवार से सड़क पर ठेलों का लगना बंद हो गया। जीडीए की सख्ती के बाद मंगलवार को भी सड़क पर दुकानें नहीं लगी। दुकानदार आवंटित दुकानोें की साफ-सफाई में जुटे रहे। सड़क से दुकानों के फूड जोन के भीतर जाने से सड़क पर होने वाली भीड़ अब पार्क में शिफ्ट हो जाएगी। इससे आवागमन सुगम हो सकेगा।
ताल बाजार की भी बढ़ जाएगी रौनक
फूड जोन में दुकानों के शिफ्ट होने से बगल में ही बनाए गए ताल बाजार के व्यापारियों की समस्या भी दूर हो जाएगी। लोग बाहर से ही वापस नहीं जाएंगे बल्कि ताल बाजार में भी उनकी चहल-पहल बढ़ेगी। फूड जोन के शुरू हो जाने के बाद पास में स्थित ताल बाजार भी गुलजार होगा। पहले यहां पर्याप्त पर्यटक नहीं पहुंचते थे लेकिन पार्क के भीतर अब पर्यटकों की उपस्थिति बढ़ने से ताल बाजार पर भी असर पड़ने की उम्मीद है।