फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gorakhpur News: प्रेम विवाह के बाद भड़का विवाद, कुल्हाड़ी से हमले में पिता-पुत्र समेत तीन घायल

Fri, 29 May 2026 02:24 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोरखपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
गुलरिहा (गोरखपुर)। जंगल डुमरी नंबर दो में बुधवार की रात प्रेम विवाह को लेकर चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में पिता-पुत्र समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है, जहां रामरतन की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामले में अमरजीत, छोटकन उर्फ छोटेलाल और उसकी पत्नी वृंदावती को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन

जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र के जंगल डुमरी नंबर दो टोला संझाई निवासी अमरजीत बेंगलूरू में पेंटिंग का काम करता है। उसकी शादी 12 वर्ष पूर्व मंशा देवी से हुई थी। आरोप है कि पिछले करीब एक वर्ष से मंशा देवी का गांव के ही सूरज नामक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसकी जानकारी होने पर गांव में पंचायत बुलाई गई थी। बताया जा रहा है कि करीब दस दिन पूर्व समझौते के बाद अमरजीत ने अपनी पत्नी की शादी सूरज से करा दी थी।
आरोप है कि समझौते के बाद आरोपी पक्ष खुन्नस में था। बुधवार की रात करीब दस बजे अमरजीत, भाई अनिल व पिता छोटकन पहले से घात लगाकर बैठे थे। जैसे ही सूरज वहां पहुंचा, उसे घेरकर मारपीट शुरू कर दी गई। शोर सुनकर सूरज के परिजन बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में सूरज, उसके पिता रामरतन और बचाने पहुंचे बुआ के लड़के श्रवण के सिर में गंभीर चोटें आईं। सूचना पर पहुंची गुलरिहा पुलिस ने घायलों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज भिजवाया।
विज्ञापन

घायल सूरज ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि बुधवार की रात करीब दस बजे वह अपने पिता के साथ ननिहाल से खाना खाकर घर लौट रहा था। इसी दौरान अमरजीत, उसके पिता छोटकन उर्फ छोटेलाल और मां बिंद्रावती ने घर के सामने मोटरसाइकिल रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर कुल्हाड़ी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक जेपी पाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोपहर बाद आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें