जगतबेला। घर में बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं। पिता के आने का इंतजार था। 14 नवंबर को छुट्टी लेकर घर पहुंचने के बाद उन्हें बेटी की शादी की तारीख तय करनी थी। परिवार को उम्मीद थी कि उनके आने से तैयारियों को गति मिलेगी लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
मणिपुर में ड्यूटी के दौरान बीएसएफ के हेड कांस्टेबल दिलीप कुमार चौहान (45) की मौत हो गई। शुक्रवार रात करीब 12 बजे उनका पार्थिव शरीर भंडारो गांव पहुंचा तो घर में शादी की खुशियों की जगह चीख-पुकार मच गई। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। चिलुआताल थाना क्षेत्र की मजनू चौकी अंतर्गत भंडारो गांव निवासी दिलीप कुमार चौहान पुत्र रामकिशोर चौहान वर्ष 2001 में उनका चयन सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में भर्ती हुए थे। वर्तमान में वह हेड कांस्टेबल के पद पर मणिपुर में तैनात थे। 11 नवंबर को ड्यूटी के दौरान हुई घटना में उनकी मौत हो गई। इसकी सूचना परिवार को उसी दिन रात करीब नौ बजे मिली। हालांकि, शुरुआत में पत्नी को इस दुखद खबर की जानकारी नहीं दी गई थी।
दिलीप 14 नवंबर को छुट्टी लेकर घर आने वाले थे। उनकी बड़ी बेटी कविता (24) की शादी संतकबीरनगर जिले के धनघटा क्षेत्र के नैनाझाला गांव में तय हुई है। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं। दिलीप को घर पहुंचकर शादी की तारीख तय करनी थी। परिवार उनके आने की राह देख रहा था, लेकिन उनके लौटने से पहले ही पार्थिव शरीर गांव पहुंच गया।
दिलीप अपने पीछे पत्नी, बेटी कविता और दो बेटों को छोड़ गए हैं। कविता स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी की तैयारी कर रही है। बड़ा बेटा सौरभ चौहान (20) बीएससी और छोटा बेटा गौरव चौहान (19) बीफार्मा का छात्र है। पिता की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।