आज से फिर खुलेगा जिला, शहर के तीन थाना क्षेत्रों में 18 तक लॉकडाउन
गोरखपुर। पूरे प्रदेश में दो दिन की पाबंदी के बाद सोमवार से शहर के तीन थाना क्षेत्रों को छोड़कर सभी जगह लॉकडाउन में ढील दी जाएगी। तिवारीपुर, कोतवाली और राजघाट थाना क्षेत्र के सभी मोहल्ले, गलियां, बाजार, कार्यालय पूरी तरह से 18 जुलाई तक बंद रहेंगे। हालांकि इन इलाकों में आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी। दवा की दुकानें, अस्पताल खुले रहेंगे। वहीं शहर के बाकी हिस्सों में सोमवार से दुकानें पहले से निर्धारित रोटेशन व समय के हिसाब से ही खुलेंगी।
डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने बताया कि काफी संख्या में कोरोना संक्रमित मिलने की वजह से शहर के तीन थाना क्षेत्रों कोतवाली, राजघाट और तिवारीपुर में 18 जुलाई तक पूरी तरह लॉकडाउन रहेगा। इन थाना क्षेत्रों में 40 से अधिक हॉटस्पॉट हो गए हैं ऐसे में कोरोना प्रोटोकॉल के तहत मजबूरन इन क्षेत्रों में सात दिन तक के लिए लॉकडाउन का निर्णय किया गया है। हालांकि इन इलाकों में इमरजेंसी सेवाएं जारी रहेंगी। होम डिलीवरी की भी व्यवस्था लागू रहेगी।
संदिग्ध लोगों की कराई जाएगी सैंपलिंग
डीएम ने बताया कि कोतवाली, राजघाट और तिवारीपुर में सात दिन लॉकडाउन के दौरान संदिग्ध लोगों और बुजुर्ग लोगों की सैंपलिंग कराई जाएगी। इसके अलावा पूरे इलाके में सैनिटाइजेशन कराया जाएगा। तीनों क्षेत्रों के सभी मोहल्लों में बैरीकेडिंग कराई जाएगी ताकि लोग बेवजह कहीं आना-जाना न करें। अगर किसी को इमरजेंसी होगी तो उसे प्रवेश दिया जाएगा।
लोगों को झेलनी होगी दिक्कत
सभी प्रमुख बाजार इन्हीं थाना क्षेत्रों में जिन तीन थाना क्षेत्रों कोतवाली, राजघाट और तिवारीपुर में इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल्स, मोबाइल और किराना जैसे लगभग सभी प्रमुख बाजार हैं। रेती, नखास, माया बाजार, सराफा बाजार, साहबगंज मंडी सब यहीं हैं। ऐसे में 18 जुलाई तक बंदी से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
संक्रमितों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। ऐसे में लोगों को और ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है। सभी से अपील है कि स्वास्थ्य संबंधी इमरजेंसी में ही घर से निकलें। कोई बेवजह घूमता मिला तो कार्रवाई की जाएगी। दुकानें पहले से निर्धारित रोटेशन व समय से ही खुलेंगी। जब राज्य सरकार की गाइडलाइन तो अलग से निर्णय लिया जाएगा। अभी कोई नई छूट नहीं दी गई है।
- के. विजयेंद्र पांडियन, डीएम