चौरीचौरा (गोरखपुर)। नगर पंचायत चौरीचौरा के वार्ड संख्या 11 के सभासद देव अमृत राज जायसवाल की कार और स्कूटी शनिवार देर रात आग लगने से जलकर राख हो गई। वार्ड संख्या 4 स्थित एक गैराज में खड़े दोनों वाहनों में लगी आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया लेकिन तब तक दोनों वाहन पूरी तरह नष्ट हो चुके थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शानिवार देर रात गैराज में खड़ी कार से अचानक धुआं और लपटें निकलने लगीं। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास में खड़ी स्कूटी को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें देख आसपास के लोग मौके पर जुट गए और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। घटना की जानकारी मिलते ही सभासद भी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने तत्काल डायल-112 और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कार और स्कूटी दोनों पूरी तरह जल गईं। अभी तक आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। थाना प्रभारी वेद प्रकाश शर्मा का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।