- गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब व मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति के संयुक्त तत्वावधान में हुआ आयोजन
- पत्रकारिता डिजिटल माध्यमों की ओर बढ़ रही, जिसे समझना और अपनाना जरूरी : प्रो. पूनम टंडन
- अभिव्यक्ति को स्वर देना रहा है पत्रकारिता का उद्देश्य : पद्मश्री विश्वनाथ तिवारी
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह ने कहा कि प्रेस की भूमिका केवल समाचार देने तक सीमित नहीं है बल्कि समाज को जागरूक करना, सत्ता को आईना दिखाना और जनभावनाओं को सामने लाना भी है। पत्रकारिता के क्षेत्र में कई बार चुनौतीपूर्ण परिस्थितियां आती हैं लेकिन सच्चा पत्रकार अपने कर्तव्यों से पीछे नहीं हटता।
वह रविवार को गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब व मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति की ओर से हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ''''हिंदी पत्रकारिता : विरासत, संघर्ष और भविष्य'''' विषय पर आयोजित संगोष्ठी को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पंडित जुगल किशोर शुक्ल की ओर से ‘उदन्त मार्तण्ड’ का प्रकाशन अंग्रेजों के शासनकाल में इस प्रकार का कार्य अत्यंत साहसिक था।
मुख्य वक्ता पद्मश्री प्रो. विश्वनाथ तिवारी ने कहा कि लेखक और पत्रकार दोनों का कार्य समाज को देखना और उसे शब्द देना है। समाज जो नहीं कह पाता, उसे पत्रकार अपनी लेखनी के माध्यम से व्यक्त करता है। पत्रकारिता का जन्म ही संघर्ष के बीच हुआ है और इसका उद्देश्य अभिव्यक्ति को स्वर देना रहा है। विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार शिव शरण सिंह ने पत्रकार सुरक्षा कानून बनाए जाने और पत्रकारों के लिए पेंशन व्यवस्था लागू करने पर जोर दिया।
अध्यक्षता करते हुए दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि पत्रकारिता की गुणवत्ता उसकी स्वतंत्रता पर निर्भर करती है। पत्रकारों को सुरक्षित वातावरण मिलना चाहिए, तभी वे निष्पक्ष और निर्भीक होकर कार्य कर पाएंगे। वर्तमान समय में पत्रकारिता तेजी से डिजिटल माध्यमों की ओर बढ़ रही है, जिसे समझना और अपनाना जरूरी है। मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति के अध्यक्ष अरविंद राय, वरिष्ठ पत्रकार डॉ. एसपी त्रिपाठी, अखिलेश चंद व जगदीश लाल श्रीवास्तव ने भी विचार रखे। स्वागत ओंकार धर द्विवेदी व संचालन मुमताज खान ने किया। इस अवसर पर किशन त्रिपाठी, एसपी सिंह, अशोक चौधरी, रीतेश मिश्र व शफी आजमी आदि उपस्थित रहे।
प्रेस क्लब ने की डिजिटल लाइब्रेरी की मांग
प्रेस क्लब अध्यक्ष ओंकार धर द्विवेदी ने डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने की मांग विधान परिषद सभापति से की। उन्होंने लाइब्रेरी के लिए प्रस्तावित कक्ष का निरीक्षण किया और प्रस्ताव बनाकर भेजने के लिए कहा। सभापति ने कहा कि डिजिटल लाइब्रेरी से पत्रकारों को अध्ययन व शोध की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।