बांसगांव (गोरखपुर)। जयंतीपुर गांव में हत्या का शिकार हुए शुभम उर्फ कार्तिकेय मिश्रा परिवार का छोटा बेटा था। पिता के किडनी ट्रांसप्लांट के लिए करीब दो महीने पहले पूरा परिवार लखनऊ चला गया था। बड़े भाई शिवम भी पिता के इलाज में उनके साथ थे। परिवार के ज्यादातर लोग लखनऊ में रहकर इलाज करा रहे थे जबकि शुभम गांव में रहकर घर, खेती-बाड़ी और पशुओं की देखभाल कर रहा था। बृहस्पतिवार सुबह उसकी हत्या की खबर ने लखनऊ में मौजूद परिवार को झकझोर दिया।
शुभम के बड़े पिता नागेंद्र मिश्रा ने बताया कि इन दिनों परिवार के सदस्य लखनऊ में इलाज के सिलसिले में रह रहे थे। सुबह घटना की जानकारी मिली तो सभी गांव पहुंचे। उन्होंने बताया कि परिवार पहले से ही बीमारी और इलाज की चिंता से जूझ रहा था, ऐसे में शुभम की हत्या से संकट और बढ़ गया है। दादा पन्नेलाल मिश्रा ने बताया कि परिवार पर एक साथ कई मुश्किलें टूट पड़ी हैं। उनके दो बेटों का इलाज लखनऊ में चल रहा है। उन्होंने कहा कि शुभम सभी नातियों में सबसे मेहनती था। उम्र में छोटा होने के बावजूद वह गांव में खेती-बाड़ी, गाय पालन समेत अन्य जिम्मेदारियां संभालता था। इन कामों के साथ वह बीएससी प्रथम वर्ष की पढ़ाई भी कर रहा था। परिवार के मुताबिक शुभम और उसके बड़े भाई की अभी शादी नहीं हुई थी।
प्रधान चुनाव के दौरान भी हुआ था विवाद
परिवार के मुताबिक, वर्ष 2021 में शुभम के बड़े पिता नागेंद्र मिश्रा प्रधान पद के उम्मीदवार थे। चुनाव के दौरान दूसरे पक्ष से विवाद हुआ था। इस संबंध में थाने में तहरीर भी दी गई थी। परिवार ने इस पुराने विवाद को भी पुलिस के सामने रखा है।
मोबाइल की चैट और कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। टीम ने शुभम के पास से मिला मोबाइल फोन कब्जे में लिया है। पुलिस मोबाइल में मौजूद चैट और कॉल डिटेल की जांच कर रही है। इसके अलावा घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
पांच साल पहले मांगी गई थी 20 लाख की रंगदारी
परिवार के अनुसार, कौड़ीराम चौराहे पर मिठाई की दुकान चलाने वाले स्वदेश मिश्रा से वर्ष 2021 में फोन कर 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। इस मामले में गगहा निवासी गैंगस्टर शनि सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई थी। परिवार को पुलिस सुरक्षा भी मिली थी जिसे बाद में हटा लिया गया। पुलिस ने जांच में इस पहलू को भी शामिल किया है।