गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। स्नातक, परास्नातक व अन्य कक्षाओं में ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 10 जून तक बढ़ा दी गई है।
प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा ने बताया कि विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि चार जून को समाप्त हो रही थी। छात्रहित में दूसरी बार तिथि विस्तारित की गई है। विस्तारित अवधि में अभ्यर्थी प्रवेश पोर्टल dduguadmission.in पर आवेदन कर सकेंगे। डीडीयू प्रशासन के मुताबिक, बृहस्पतिवार की शाम तक करीब 30 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन प्रक्रिया पूरी कर ली है।
डीडीयू प्रशासन की योजना है कि जून के तीसरे सप्ताह की शुरुआत में सभी अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र जारी कर दिए जाएं। तीसरे हफ्ते से ही प्रवेश परीक्षा भी शुरू कराए जाने की योजना है। इस दिशा में तैयारियां की जा रही हैं। 10 जून तक इसे लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी हो सकते हैं।