मृतक निकेश की फाइल फोटो और रोते बिलखते परिजन
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
झंगहा थाना क्षेत्र के जंगल रसूलपुर नंबर दो स्थित बलुघट्टा टोला में मंगलवार सुबह सरकारी ट्यूबवेल की टंकी में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक की पहचान बलुघट्टा टोला निवासी निकेश निषाद (26) उर्फ झब्बर के रूप में हुई है।
फॉरेंसिक टीम संग मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। परिजनों ने जमीन के विवाद में हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। जानकारी के अनुसार, निकेश सोमवार सुबह काम पर गया था और देर शाम घर लौटा। रात करीब 10 बजे वह अपनी मां बेइली देवी से 500 रुपये लेकर घर से निकला।
परिजनों के मुताबिक, उसका भाई पीछे गया तो वह ट्यूबवेल के पास एक दुकान पर बैठा मिला। मंगलवार सुबह जब ग्रामीण ट्यूबवेल चलाने पहुंचे तो टंकी में निकेश का शव पड़ा मिला, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। निकेश दो भाइयों में छोटा था। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
घटना की सूचना मिलने पर झंगहा थानेदार अनूप सिंह व पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने गांव के कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की है।
परिजनों ने पुरानी रंजिश को लेकर गांव के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि करीब एक वर्ष पहले फसल की सिंचाई को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें मुकदमा चल रहा है और आरोपी पक्ष सुलह का दबाव बना रहा था।
हाल ही में पंचायत भी हुई थी लेकिन समझौता नहीं हो सका था।परिजनों ने यह भी बताया कि ट्यूबवेल के पास कच्ची शराब की दुकान है। निकेश देर रात तक वहीं बैठा था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
छोटी बहन की शादी के लिए देख रहा था रिश्ता
निकेश चार बहनों में इकलौता भाई था। बड़ी बहन आरती, रीना और मीना की शादी हो चुकी है, जबकि सबसे छोटी बहन रोशनी अविवाहित है। घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मां बेइली देवी ने बताया कि निकेश छोटी बहन की शादी की तैयारी कर रहा था। वह बहन के लिए रिश्ता भी देख रहा था।
युवक की मां ने गांव के ही रहने वाले कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी: ज्ञानेंद्र कुमार, एसपी नार्थ