महावीर छपरा। बांसगांव से गोरखपुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार शुक्रवार पूर्वांह्न 11 बजे नेशनल हाईवे पर चढ़ते समय अनियंत्रित हो गई। कार सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग को तोड़ते हुए सीधे डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे में चालक को हल्की चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सफेद रंग की कार महावीर छपरा चौराहे पर हाईवे पर चढ़ रही थी, तभी चालक का संतुलन अचानक बिगड़ गया। इसके बाद कार सीधे रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि लोहे की रेलिंग टूट गई और कार डिवाइडर के बीच फंस गई। जिस स्थान पर हादसा हुआ वहीं किनारे पर ध्रुव की चौकी रखी हुई थी, जहां वह फल बेच रहे थे। कार की टक्कर से चौकी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और फल सड़क पर बिखर गए। गनीमत रही कि ध्रुव और ग्राहक बच गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कार को धक्का देकर पीछे किया। इसी दौरान लोग चालक से पूछताछ करने की कोशिश कर ही रहे थे कि वह कार स्टार्ट कर गोरखपुर की ओर चला गया।