- गीडा थाना बंद मकान से दुर्गंध आने पर खुला मामला, पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव किया बरामद
- पत्नी से विवाद के बाद अलग रह रहे थे रूदल, आत्महत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
गीडा। थाना क्षेत्र के हरैया गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब ग्राम प्रधान के भाई रूदल (45) का शव घर के अंदर चार दिन बाद फंदे से लटका मिला। शव से तेज दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामला सामने आया। फिलहाल, परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।
जानकारी के अनुसार, रूदल उर्फ रूधीर निषाद, ग्राम पंचायत हरैया के ग्राम प्रधान मिथलेश निषाद के भाई थे। ग्राम प्रधान का गांव में दो मकान है। वे अपने परिवार के साथ नए मकान में रहते हैं, जबकि उनके भाई रूदल अपने परिवार के साथ पुराने मकान में रहकर मजदूरी करते थे। बताया गया कि कुछ दिन पहले रूदल का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद पत्नी अपने बच्चों के साथ नए मकान में रहने चली गई। मृतक के बच्चे कभी-कभी पुराने मकान पर जाते थे लेकिन दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण लौट जाते थे।
सोमवार देर रात कुछ ग्रामीण जब मकान के पास से गुजर रहे थे तो उन्हें तेज दुर्गंध महसूस हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सीओ गीडा योगेंद्र सिंह, प्रभारी निरीक्षक अश्वनी पांडेय और चौकी प्रभारी अजय सिंह मौके पर पहुंचे। परिजनों को बुलाकर दरवाजा तोड़कर मकान के अंदर जाने पर रूदल का शव रस्सी के सहारे लटक रहा था और वह मृत अवस्था में पड़े थे तथा शरीर से काफी दुर्गंध आ रही थी। मृतक पांच भाइयों में तीसरे नंबर का था।
प्रभारी निरीक्षक गीडा अश्वनी पांडेय ने बताया कि दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर रूदल का शव लटक रहा था। प्राथमिक जांच में सुसाइड की पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।