गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस प्रयोगशाला का उद्घाटन मंगलवार को कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी ने किया। कुल 2.97 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह प्रयोगशाला इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी रिसोर्स सेंटर में स्थापित की गई है।
इस अवसर पर कुलपति ने कहा कि एआई लैब की स्थापना तकनीकी प्रशिक्षण एवं शोध पारिस्थितिकी तंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। एआई और एडवांस्ड कम्प्यूटिंग आज के दौर की उन्नत तकनीकें हैं। यह लैब छात्रों को आधुनिक मशीन लर्निंग और एआई मॉडलों पर प्रशिक्षण, प्रयोग एवं अनुसंधान का अवसर प्रदान करेगी। इससे वे उन्नत एमएल चुनौतियों, प्रतियोगिताओं और हैकाथॉन में सक्रिय रूप से हिस्सा ले सकेंगे। यह लैब शोध, नवाचार और व्यावहारिक शिक्षा को नई दिशा प्रदान करेगी।
इस अवसर पर विभागाध्यक्ष प्रो. राकेश कुमार, प्रो. पीके सिंह, प्रो. शिव प्रकाश, प्रो. एसपी सिंह, डॉ. रितेश मौर्य, डॉ. सुमित कुमार आदि मौजूद रहे।