गोरखपुर। खजनी थाना क्षेत्र के एक गांव में 16 वर्षीय किशोरी से तीन अप्रैल की रात में दुष्कर्म व जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के समय किशोर भी गांव के आरोपी युवक विपिन गुप्ता के साथ में था। आरोप है कि लोकलाज व डर के कारण किशोरी ने घरवालों को जानकारी नहीं दी। जब आरोपी युवक ने गांव में कई लोगों से घटना का जिक्र किया तो किशोरी अपनी मां के साथ थाने पहुंच गई। पुलिस ने किशोरी का बयान दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, किशोरी का गांव में दो मकान है। तीन अप्रैल की रात में गांव का आरोपी विपिन गुप्ता अपने एक नाबालिग साथी के साथ आया। उस वक्त घर पर किशोरी की मां नहीं थी। उसने किशोरी से कहा कि तुम्हारी मां से दूसरे घर पर झगड़ा हो रहा है। यह सुनते ही किशोरी घर से निकल गई और फिर रास्ते में सुनसान जगह पर उसे पकड़ लिया। आरोपी विपिन उसे लेकर एक खाली मकान में गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने कहा कि अगर घटना के बारे में किसी को जानकारी दी तो तुम्हारे साथ परिवार की हत्या कर देगा। डर से किशोरी शांत हो गई। बाद में युवक गांव में कई युवकों से घटना का जिक्र कर दिया। एक युवक ने किशोरी की मां को घटना की जानकारी दी। मां के पूछने पर किशोरी ने आपबीती बता दी और फिर दोनों थाने पहुंच गए। मंगलवार को पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। किशोरी का पुलिस ने मेडिकल भी करा दिया है।
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर दो आरोपियों को पकड़ा है। इसमें एक नाबालिग शामिल है। मेडिकल कराने के साथ ही अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
- दिनेश कुमार पुरी, एसपी साउथ