कौड़ीराम। गगहा थाना क्षेत्र के कौड़ीराम-गोला मार्ग पर घीपोखर के पास मंगलवार रात ई-रिक्शा और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार किशोर की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान किशोर को मृत घोषित कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, बांसगांव थाना क्षेत्र के टेंगरी गांव निवासी आकर्ष राय (16) पुत्र स्व. विपिन राय और आशीष कुमार (32) पुत्र अविनाश अपने एक दोस्त के साथ बाइक से दुर्गा पूजा का मेला देखने जा रहे थे। मंगलवार रात करीब आठ बजे उनकी बाइक घीपोखर के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे ई-रिक्शा से सीधी टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार तीनों युवक और ई-रिक्शा चालक घायल हो गए।
गंभीर रूप से घायल आकर्ष राय और आशीष कुमार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कौड़ीराम ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने आकर्ष को मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी राजकुमार सरोज ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया।