बड़हलगंज। दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की रेकी कर अपने नाबालिग बेटे से चोरी कराने वाली महिला को बड़हलगंज पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके नाबालिग बेटे को भी अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों के पास से चोरी के 60,130 रुपये नकद बरामद हुए हैं। उपनगर के कल्याण नगर निवासी विजय प्रकाश शाही ने 18 अक्तूबर को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि कॉलेज रोड स्थित उनकी ट्रैवल्स की दुकान के स्लाइडिंग डोर और काउंटर का ताला तोड़कर अज्ञात चोर 1,59,264 रुपये चुरा ले गए हैं। शिकायत के आधार पर बड़हलगंज थाने में संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि छानी सोनकर निवासी जयनगर, थाना बरहज, देवरिया, वर्तमान पता नवापुरा अहिरौली, थाना दोहरीघाट, मऊ दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की रेकी करती थी। इसके बाद मौका देखकर अपने नाबालिग बेटे से चोरी कराती थी। पुलिस के मुताबिक, चोरी की रकम में से कुछ रुपये वह बेटे को देती थी, जबकि शेष रकम घरेलू खर्चों में इस्तेमाल करती थी। एसपी दक्षिण दिनेश कुमार पुरी के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए महिला को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक के अनुसार, महिला और उसके नाबालिग बेटे के खिलाफ बड़हलगंज थाने में चोरी और बरामदगी से संबंधित अन्य मामले भी दर्ज हैं।