गोरखपुर जिले के खोराबार इलाके के लालपुर टिकर के समीप मलौनी बांध पर शुक्रवार को अवैध खनन में लगी ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर सोनू निषाद (15) की मौत हो गई। नाराज ग्रामीणों ने खनन मजदूरों की झोपड़ियों में आग लगा दी और चालक की पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने मामले को किसी तरह शांत कराया और चालक सहित ट्रैक्टर-ट्रॉली को थाने लेकर आई। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
जानकारी के मुताबिक, लालपुर टिकर के विशुनपुरवा टोला निवासी चंद्रभान निषाद की छोटी बेटी की शादी रविवार को होनी है। शुक्रवार को मौसी के मटकोड़वा में शामिल होने के लिए सोनू निषाद गया था। शाम पांच बजे के करीब वह साइकिल से लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से अनियंत्रित बालू लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने रौंद दिया। हादसे में सोनू निषाद की मौत हो गई।
गांव वालों का कहना है कि इसी ट्रॉली से बृहस्पतिवार को एक व्यक्ति घायल हो गया था। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर, इसकी जानकारी होने के बाद खनन माफिया ने गांव में जाकर उसके ही परिवार के लोगों की पिटाई कर दी थी।
वह इस बात से नाराज थे कि पुलिस को घटना की जानकारी क्यों दी गई थी। शुक्रवार को एक बार फिर हादसा हुआ और किशोर की मौत हो गई है। इससे नाराज ग्रामीणों ने खनन माफिया के मजदूरों की नदी किनारे बनी झोपड़ियों में आग लगा दी।