देवरिया जिले में दो दिन पूर्व घर से गायब हुए किशोर का शव गुरुवार को गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर स्थित पड़रहा तालाब में जलकुंभी के बीच से मिला। किशोर के गले में चोट का निशान देखा गया, जबकि उसकी जीभ बाहर की तरफ निकली थी। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक गौरी बाजार क्षेत्र के ग्राम भटौली बुजुर्ग के टोला नौगांवा निवासी अजय (16) पुत्र रामसकल राजभर दो दिन पूर्व घर से नौ बजे रात को निकला। परिजन दो दिन से उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच संदेह होने पर परिजन गांव से आधा किमी दूर स्थित पड़रहा तालाब के पास पहुंचे। तालाब के बीच जलकुंभी के नीचे अजय का शव मिला।
घटना की सूचना ग्राम प्रधान सोनेलाल ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किशोर के गले पर चोट एवं निशान देखा गया, जबकि उसकी जीभ बाहर की तरफ निकली थी।
परिजनों ने हत्या कर शव तालाब में फेंकने की आशंका जताई है। मृतक माता-पिता की तीन संतानों में सबसे बड़ा था। उच्च प्राथमिक विद्यालय भटौली बुजुर्ग में पढ़ रहा था। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अनिल पांडेय ने बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने बाद ही घटना का कारण पता चल सकेगा।