गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल टूल्स एवं आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग का प्रशिक्षण देकर दक्ष बनाया जाएगा। इसके लिए सोमवार को एआई ट्रेनिंग फॉर एजुकेटर्स’ कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने किया।
माइक्रोसॉफ्ट इंडिया के सहयोग व अनुदीप फाउंडेशन के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि एआई आज उच्च शिक्षा की दिशा और कार्यशैली दोनों को बदल रहा है। ऐसे समय में शिक्षकों और कर्मचारियों का नई तकनीकों से परिचित होना अत्यंत आवश्यक है। एआई का जिम्मेदार एवं प्रभावी उपयोग शिक्षण, शोध तथा प्रशासनिक कार्यों को अधिक गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और दक्ष बनाएगा।
प्लेसमेंट निदेशक प्रो. अजय कुमार शुक्ला ने कहा कि यह प्रशिक्षण केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि विश्वविद्यालय में डिजिटल परिवर्तन की एक सतत पहल है। वर्तमान चरण में यह प्रशिक्षण विश्वविद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए आयोजित किया जा रहा है। चरणों में इसे संबद्ध महाविद्यालयों तक भी विस्तारित किया जाएगा।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. अनुभूति दुबे ने कहा कि समय के साथ स्वयं को अद्यतन रखना प्रत्येक शिक्षक और कर्मचारी की आवश्यकता है। अनुदीप फाउंडेशन के रीजनल हेड विवेक कुमार, जिला समन्वयक आशुतोष त्रिपाठी, मास्टर ट्रेनर राहुल पांडेय व अन्य ने प्रशिक्षण की विस्तृत जानकारी दी।