कक्षा चार में पढ़ने वाले छात्र शिवांस और उसकी एक्स-रे रिपोर्ट
- फोटो : अमर उजाला
गोरखपुर के तिवारीपुर थाना क्षेत्र के सिधारीपुर स्थित स्कूल की शिक्षिका पर बच्चे की अंगुलियां तोड़ने का आरोप लगा है। परिजनों का आरोप है कि सोमवार को स्कूल की डायरी नहीं खरीदने की वजह से शिक्षिका कक्षा चार में पढ़ने वाले बच्चे पर नाराज हो गईं और उसे इस तरह मारा कि उसकी तीन अंगुलियां टूट गईं। परिजन ने शिक्षिका के खिलाफ तिवारीपुर थाने में तहरीर दी है।
गोरखनाथ थाना क्षेत्र के सुभाष चंद्र बोस नगर काॅलोनी निवासी ज्ञान प्रकाश पांडेय ने बताया कि उनका 12 वर्षीय बेटा शिवांश पांडेय कक्षा चार और बड़ा बेटा शुभम पांडेय 10वीं में पढ़ता है। सोमवार को दोनों बच्चे स्कूल गए थे।
आरोप है कि शिवांश को उसकी क्लास टीचर ने डायरी नहीं खरीदने की वजह से पहले डांटा। इसके बाद स्केल से मारने लगीं, जिससे उसके दाहिने हाथ की तीन अंगुलियां टूट गईं। पिता ने बताया कि उप प्रधानाचार्य राजीव सिंह से शिक्षिका की शिकायत की गई, लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। वहीं, पुलिस का कहना है कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में स्कूल के प्रबंधक का कहना है कि शिक्षिका से बात की है। शिक्षिका ने बताया कि बच्चा शरारत कर रहा था, इसलिए उसे धीरे से स्केल से मारा था। शिक्षिका ने यह भी बताया है कि ऐसा नहीं मारा है कि हाथ की अंगुलियां टूट जाएं। प्रबंधक ने कहा कि बच्चा मेरे बेटे जैसा है, उसके अभिभावक मुझसे मिलें। मैं उनकी हर तरह से मदद करूंगा।