जीएसटी चोरी रोकने को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत एडिशनल कमिश्नर ग्रेड टू देव मणि शर्मा के नेतृत्व में जीएसटी की टीम ने शुक्रवार को रेलवे स्टेशन पर छापा मारा। इस दौरान पान मसाला और इलेक्ट्रानिक उत्पादों में 25 लाख रुपये से अधिक की कर चोरी पकड़ी गई। विभागीय टीम दस्तावेजों की जांच कर रही है।
टैक्स चोरी कर बड़े पैमाने पर पान मसाला, रेडीमेड गारमेंट से लेकर इलेक्ट्रानिक्स उत्पाद ट्रेन से मंगाए जा रहे हैं। इस सूचना के बाद शुक्रवार को टीम ने रेलवे स्टेशन परिसर में छापा मारा। इसमें तीन विभिन्न ब्रांडों के कुल 29 नग पान मसाले और पांच नग प्लास्टिक डिब्बे मिले।
इसे भी पढ़ें: सीएम योगी 20 जून को आएंगे गोरखपुर, 2604 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की देंगे सौगात
इसके साथ ही मच्छर भगाने की मशीन बिना कागजात के पकड़ी गई। पकड़े गए माल को तारामंडल स्थित वाणिज्य कर विभाग के कार्यालय पर लाया गया है। विभाग कागजात की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रहा है।
एडिशनल कमिश्नर ग्रेड टू देवमणि शर्मा ने बताया कि जांच में पान मसाला और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। जांच के बाद अर्थदंड लगाया जाएगा।