-भाजपा सरकार को घेरा, निष्पक्ष जांच और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
गोरखपुर। कांग्रेस पार्टी ने नीट पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली और शिक्षा व्यवस्था की बदहाली को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। मंगलवार को कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि, बार-बार हो रहे पेपर लीक से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और सरकार इस पर प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है।
प्रदेश प्रवक्ता राहुल राजभर ने कहा कि, नीट सहित कई राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियां शिक्षा व्यवस्था की गंभीर विफलता को दर्शाती हैं। उन्हाेंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री की नैतिक जिम्मेदारी तय करते हुए उनके इस्तीफे की मांग भी दोहराई। जिला अध्यक्ष राजेश कुमार तिवारी ने कहा कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार अपने बच्चों की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में बड़ी रकम खर्च कर रहे हैं, लेकिन उन्हें पारदर्शी व्यवस्था के बजाय अनिश्चितता और धांधली का सामना करना पड़ रहा है।
प्रेस वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता राहुल राजभर, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश कुमार तिवारी तथा महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रवि प्रताप निषाद मौजूद रहे।