ठंड में बुजुर्गों को स्वास्थ्य संबंधी तमाम समस्याएं आनी शुरू हो जाती हैं। 60 साल से ऊपर के लोगों में सर्दी-जुकाम, अस्थमा व अन्य सांस सबंधी रोगों के चलते उनकी मुश्किलें बढ़ जाती हैं।
बस्ती जिले के ओपेक कैली चिकित्सालय के डॉ. जेपी चौधरी बताते हैं कि सर्दी में बुजुर्गों को अस्थमा, डायबिटीज, रक्तचाप, दिल व सांस से जुड़ी परेशानियों का बढ़ना आम बात है।
इनसे बचने के लिए बुजुर्गों को गुनगुने पानी का सेवन करना चाहिए। ठंड में घर से बाहर निकलकर सैर करने से परहेज करें। घर में ही रहकर व्यायाम व योगासन करें। बाग-बगीचे में काम करें इससे शारीरिक गतिविधियां के साथ समय भी आसानी से कट जाता है।
ताजा व गर्म भोजन ही करें। रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए आंवला, संतरा, नींबू आदि का प्रयोग अधिक करें। बता दें कि जिले में शनिवार को धूप निकलने से लोगों ने जहां राहत की सांस लिया था, वहीं रविवार को घने कोहरे और गलन भरी ठंड से सभी बेहाल नजर आए। ठंड के चलते दिनभर बाजार सूने पड़े रहे। चौक चौराहों पर लोग अलाव सेंकते नजर आए।