अजय कुमार लल्लू व निर्मला पासवान।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर में ट्रांसपोर्ट नगर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय का किराया नहीं चुकाने पर मकान मालिक ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान के खिलाफ राजघाट थाने में तहरीर दी है। आरोप लगाया है कि मकान किराए पर लेने के बावजूद 3.90 लाख का किराया नहीं चुकाया जा रहा है।
कार्यालय के लिए भटक रही कांग्रेस पार्टी के सामने एक और मुसीबत आ गई है। ट्रांसपोर्ट नगर के जिस मकान में जिला कांग्रेस पार्टी का कार्यालय खोला गया था उसके मकान मालिक राजमन राय ने राजघाट थाने में तहरीर दी है।
राजमन राय का कहना है कि जिलाध्यक्ष बनने के बाद निर्मला पासवान ने प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के सहयोग से ट्रांसपोर्ट नगर स्थित उनके मकान के ऊपरी तल पर बने कमरों को किराए पर लिया था। उसके बाद से लेकर अब तक कुल बकाया 3.90 लाख रुपये हो गया है। बार-बार बकाया चुकाने के लिए कहने के बावजूद किराया नहीं चुकाया जा रहा है।
राजघाट इंस्पेक्टर रणधीर मिश्रा ने तहरीर मिलने की पुष्टि की है। वहीं, जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान ने राजमन राय के किराया बकाया संबंधी तहरीर को पूरी तरह से फर्जी करार दिया है। जिलाध्यक्ष का कहना है कि ट्रांसपोर्ट नगर स्थित कांग्रेस पार्टी के कार्यालय का किराया संबंधी कोई भी मामला नहीं है।