गोरखपुर जिले के गीडा की एक फैक्टरी में प्रोडक्शन सुपरवाइजर कैलाशपति दुबे का शव बृहस्पतिवार को सहजनवां नगर पंचायत के वार्ड नं 10 पिपरा घनश्याम नगरी में उनके किराए के मकान में फंदे से लटका मिला। पत्नी किसी रिश्तेदार की तबियत खराब होने पर अस्पताल गई थी और बेटी को सुबह वे स्कूल छोड़ आए थे।
बेलघाट थाना क्षेत्र के बहादुरपुर निवासी 35 वर्षीय कैलाश पति दुबे गीडा स्थित एक फैक्टरी में प्रोडक्शन सुपरवाइजर पद पर तैनात थे। पत्नी मोनिका दुबे व छह वर्षीया पुत्री परी के साथ घनश्याम नगरी में राकेश मिश्रा के मकान में किराए का कमरा लेकर रहते थे। किसी रिश्तेदार की तबियत खराब होने पर पत्नी बुधवार को अस्पताल चली गई थी।
परिजनों के अनुसार, बृहस्पतिवार की सुबह कैलाश बेटी को स्कूल छोड़ने के बाद घर आए। कुछ देर बाद पत्नी ने फोन किया तो कॉल रिसीव नहीं हुई। कई बार फोन करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला तो कुछ ही दूरी पर रहने वाली कैलाश की भाभी के नंबर पर पत्नी ने फोन कर कॉल नहीं उठने की जानकारी दी। भाभी जब घर पहुंचीं तो पंखे में गमछा से कैलाश का शव लटक रहा था।
एसओ प्रदीप शर्मा ने कहा कि फंदे से शव लटकता मिला है। मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम की रिपोर्ट से ही चलेगा। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।