गोरखपुर जिले के तिवारीपुर इलाके में महिला सफाई कर्मचारी से रविवार को दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने मारपीट की और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया।
आरोपी की पहचान गोरखनाथ के हुमायूंपुर निवासी मजीद के रूप में हुई। वह आत्मानगर वार्ड में नगर निगम का सुपरवाइजर है। जानकारी के मुताबिक, पीड़ित महिला एक वार्ड में सफाई कर्मचारी है। वह रोज की तरह रविवार को भी काम पर गई थी।
इस दौरान सुपरवाइजर मजीद ने हाजिरी लगाने के सिलसिले में महिला सफाईकर्मी को एक मकान में बुलाया। आरोप है कि इस दौरान मुंह दबाकर दुष्कर्म किया और फिर कहा कि अगर घटना के बारे में किसी को जानकारी दी तो तुम्हारी हत्या कर दूंगा।
इसे भी पढ़ें: 37 मिनट तक रुकी रही सुपर फास्ट एक्सप्रेस: चुरेब-मुंडेरवा के बीच रेल पटरी चटकी, गुजरती वैशाली तो जातीं जानें
पहले तो महिला ने लोकलज्जा के वजह से किसी को कुछ बताया नहीं, लेकिन बाद में रविवार की रात में तिवारीपुर थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया और सोमवार को आरोपी को दबोच लिया।
एसओ चंद्रभान सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपी मजीद को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेजा गया।