भगवानपुर (गोरखपुर)। पीपीगंज थाने में तैनात उपनिरीक्षक दलसिंघार (56) की शुक्रवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई। दिन में अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें पीपीगंज नगर क्षेत्र के एक निजी अस्पताल ले जाया गया था। दवा लेने के बाद वह लौट आए थे लेकिन रात में दोबारा तबीयत बिगड़ने पर परिजन और पुलिसकर्मी उन्हें गोरखपुर सदर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मूलरूप से अंबेडकरनगर जिले के रहने वाले दलसिंघार वर्ष 1990 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। उन्होंने विभिन्न थानों पर सेवाएं दीं। एक जनवरी 2024 को उनकी तैनाती पीपीगंज थाने में हुई थी। परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। पत्नी और दोनों बेटियां बिहार में शिक्षिका हैं जबकि बेटा निजी क्षेत्र में नौकरी करता है। उपनिरीक्षक की मौत की सूचना मिलने के बाद पीपीगंज थाने के पुलिसकर्मियों ने शोक जताया। पुलिसकर्मियों के मुताबिक, दलसिंघार अपने कार्य के प्रति गंभीर और जिम्मेदार थे।