- विभिन्न कॉलेजों और विद्यालयों के विद्यार्थियों ने किया प्रतिभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को क्षेत्रीय क्रीडांगन के प्रांगण में रंगोली एवं मानव शृंखला कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट, स्काउट के स्वयंसेवक एवं शिक्षक/शिक्षिकाओं ने रंगोली सहित मानव शृंखला बनाकर लोगों को मतदान करने हेतु अपील की। विद्यालयों के विद्यार्थियों से मतदान दिवस के दिन मतदान करने और शपथ दिलाते हुए मानव शृंखला बनवाई गई। इसमें माध्यमिक शिक्षा, एवं उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों, कर्मियों एवं छात्रों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में उच्च शिक्षा अधिकारी अश्वनी कुमार मिश्र, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अमरकांत सिंह, सह-जिला विद्यालय निरीक्षक नागेंद्र प्रताप सिंह, तरन्नुम जहां, एमजी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ओपी सिंह सहित विभिन्न डिग्री कॉलेजों और विद्यालयों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में इस्लामिया कॉलेज ऑफ कामर्स, सेंट एंड्रयूज डिग्री काॅलेज, दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, महात्मा गांधी पीजी काॅलेज, डीएवी पीजी काॅलेज और सेंट जोसेफ कॉलेज फॉर वूमेन, एडी राजकीय कन्या इंटर काॅलेज, मारवाड़ इंटर काॅलेज, इमामबाड़ा गर्ल्स इंटर काॅलेज, नेहरू इंटर काॅलेज के शिक्षकों ने प्रतिभाग किया।