- रेट के लिए पिछले वर्ष के 2538 अभ्यर्थियों में से 1114 ने ही किया है आवेदन
- विश्वविद्यालय की ओर से ईमेल और मैसेज के जरिए छात्रों का कर रहा सूचित
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में शोध पात्रता परीक्षा-2023 के लिए आवेदन की प्रक्रिया चल रही है। इसमें पिछले साल परीक्षा देेने वाले अभ्यर्थियों को निशुल्क आवेदन करना है, लेकिन अब तक 56 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने आवेदन नहीं किया है। इनको आवेदन करने के लिए विश्वविद्यालय की ओर से ईमेल और मैसेज किया जा रहा है।
विश्वविद्यालय में 10 अगस्त 2023 को शोध पात्रता परीक्षा हुई थी। इसमें 34 विषयों के कुल 2538 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। बाद में इस परीक्षा को निरस्त कर दिया गया और अब नए शोध अध्यादेश के अनुसार इसके लिए आवेदन मांगे गए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि आठ जून है लेकिन अभी तक कुल 5266 अभ्यर्थियों ने ही आवेदन किया है। इनमें 1114 ऐसे अभ्यर्थी हैं, जिन्होंने पिछले वर्ष आवेदन किया था। इनसे शुल्क नहीं लिया जा रहा है। कुल 4152 नए आवेदन आए हैं।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने बताया कि पिछले साल के जिन अभ्यर्थियों ने आवेदन नहीं किया है उनसे ईमेल और मैसेज के जरिए संपर्क किया जा रहा है। उनसे कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा, लेकिन रेट-2023 की परीक्षा के लिए उन्हें भी आवेदन करना होगा।