यहां से हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर छात्र जुलूस के रूप में निकले। प्रदर्शनकारी अंबेडकर चौराहे से आर्यनगर, कॉलेज रोड, पटना चौराहा और बाइपास मार्ग होते हुए पुनः बस स्टेशन स्थित अंबेडकर चौराहे पर पहुंचे, जहां सभा आयोजित कर वक्ताओं ने अपनी बात रखी।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद करने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियों से लाखों मेहनती अभ्यर्थियों का विश्वास टूट रहा है, इसलिए सरकार को इस मामले में जवाबदेही तय करनी चाहिए।
प्रदर्शन को देखते हुए बड़हलगंज पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। जुलूस के आगे-पीछे भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और सभा के बाद छात्र अपने-अपने घरों को लौट गए।