महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय में भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान के साथ अनुबंध पर (एमओयू) हस्ताक्षर किया गया।
- फोटो : अमर उजाला।
महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय के छात्र शुरू कर सकेंगे स्टार्टअप। पूर्वी उत्तर प्रदेश में शोध, अनुसंधान एवं नवाचार के साथ रोजगार परक शिक्षा की ओर अग्रसर महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय, आरोग्य धाम, भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान (ईडीआईआई) अहमदाबाद के सहयोग से छात्रों को उद्यमी बनाते हुए स्टार्टअप में मददगार बनेगा।
इसके लिए शनिवार को महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय में भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान के साथ अनुबंध पर (एमओयू) हस्ताक्षर किया गया है। भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान के साथ एमओयू का उद्देश्य विश्वविद्यालय में अध्ययनरत छात्रों को फार्मेसी, हेल्थकेयर, पैरामेडिकल, आयुर्वेद के क्षेत्र में अपार संभावनाओं के प्रति जागरूक और उद्यमिता के लिए प्रेरित करना है।
महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय की ओर से कुलपति मेजर जनरल डॉ. अतुल वाजपेयी और ईडीआईआई की ओर से महानिदेशक डॉ. सुनील शुक्ल ने अनुबंध पर हस्ताक्षर किए हैं। डॉ. अतुल वाजपेयी ने कहा कि अब इस विश्वविद्यालय के छात्र स्टार्टअप हेतु बेहतर मार्ग दर्शन प्राप्त कर सकेंगे। डॉ. सुनील ने कहा की यह अनुबंध पूर्वांचल के युवाओं को बेहतर अवसर प्रदान करेगा। इस मौके पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. प्रदीप राव, ईडीआईआई में पॉलिसी एडवोकेसी और रिसर्च विभाग एवं उत्तर क्षेत्रीय कार्यालय के प्रभारी डॉ. अमित कुमार द्विवेदी भी मौजूद रहे।