मोहाना थाना से गिट्टी लदे सीज तीन ट्रक लापता
तीनों ट्रकों को खनन विभाग ने किया था सीज, एसओ विभाग को करते रहे गुमराह
प्रशासन तक पहुंची बात तो गढ़ दी नई कहानी
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। मोहाना थाना परिसर से गिट्टी लदे तीन ट्रक तीन जनवरी की रात लापता हो गए। इन ट्रकों को खनन अधिकारी ने दो जनवरी को बिना कागजात मिलने पर सीज किया था। मामले में पहले मोहाना एसओ गुमराह करते रहे। लेकिन बात जब अधिकारी तक पहुंची तो ज़िले में अलर्ट जारी करते हुए ट्रक की तलाश शुरू की गई। बताया जाता है कि ट्रक तो मिल गए हैं। लेकिन एक ड्राइवर फरार है जबकि दो पकड़े गए हैं।
दो जनवरी को इलाहाबाद के शंकरगढ़ से गिट्टी लदे चार ट्रक मोहाना थाना क्षेत्र के बर्डपुर कस्बे में पहुंचे थे। इस दौरान खनन अधिकारी नरेश महतो ने चारों ट्रकों को पकड़ कर सीज कर मोहाना पुलिस को सौंप दिया। सभी ट्रक मोहाना थाने के पास ले जाकर खड़ा कर दिए गए। अगले दिन तीन जनवरी की रात अचानक तीन ट्रक लापता हो गए। ट्रकों के लापता होने की जानकारी होते ही अफसरों के हाथ-पांव फूलने लगे। ट्रकों की बरामदगी के लिए पुलिस की टीमें खाक छानने लगीं पर अब तक ट्रक नहीं मिल सके। वैसे पुलिस का कहना है कि रविवार को तीन ट्रकों को बरामद कर लिया गया है। एसओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि गिट्टी लदे चार ट्रक थाने को सौंपे गए थे। उनमें से तीन लापता हो गए थे। उन्हें पकड़ लिया गया है।
कोट
दो जनवरी को गिट्टी लदे चार ट्रक बर्डपुर में पकड़ने के बाद सीज कर मोहाना पुलिस को सौंप दिया गया था। वहीं से तीन ट्रक लापता हो गए हैं। अभी तक ट्रक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
-नरेश महतो, खनन अधिकारी।
कोट
मोहाना थाने के पास से गिट्टी लदे तीन बड़े ट्रक गुम हो गए थे। उनकी चाभी थाने में है। गाड़ी के ड्राइवर व क्लीनर डुप्लीकेट चाभी से वाहन लेकर फरार हो गए थे। दो को उस्का से व एक को शोहरतगढ़ से पकड़ा गया है।
-विजय ढुल, एसपी।