फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गोरखपुर अलर्ट: प्रयागराज में 11 मौतों के बाद हरकत में आई पुलिस, मकान में पटाखों का जखीरा बरामद; 2 गिरफ्तार

Tue, 01 Sep 2026 11:22 AM IST
Rohit Singh अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर

सार

पुलिस की जांच में सामने आया कि लाइसेंसी भंडारण गोदाम में पटाखे नहीं थे, जबकि दयाशंकर के आवासीय मकान में बड़ी मात्रा में रेडीमेड पटाखे रखे हुए थे। पुलिस ने लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन में बरामद सामग्री को कब्जे में ले लिया। मामले में दयाशंकर और उसके बेटे गणेशदत्त को गिरफ्तार किया गया है। 
विज्ञापन
बांसगांव पुलिस जांच करते हुए. पटाखों के भंडारण की पूछताछ करती पुलिस - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

प्रयागराज और कौशांबी जिले की सीमा पर पिपरी थाना क्षेत्र के महमूदपुर मनौरी गांव में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके में आठ बच्चों समेत 11 लोगों की मौत के बाद गोरखपुर पुलिस अलर्ट हो गई है। सोमवार को पूरे जिले में पटाखा विक्रेताओं और भंडारण स्थलों का सत्यापन अभियान चलाया गया।

विज्ञापन

इसी दौरान सिकरीगंज पुलिस ने ढखवा बाजार में लाइसेंसी पटाखा कारोबारी के आवासीय मकान से बड़ी मात्रा में पटाखे बरामद कर पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ के मुताबिक, ढखवा बाजार निवासी दयाशंकर के नाम पटाखों के भंडारण का लाइसेंस है। सोमवार को उसके लाइसेंसी भंडारण गोदाम का निरीक्षण किया गया तो वह खाली मिला।

संदेह होने पर पुलिस और राजस्व टीम ने दयाशंकर के मकान की तलाशी ली। यहां लाइसेंस के तहत भंडारित किए जाने वाले पटाखे रखे मिले। मकान आबादी वाले क्षेत्र में स्थित है और वहां पटाखों का भंडारण लाइसेंस की शर्तों के विपरीत पाया गया। जांच में सामने आया कि लाइसेंसी भंडारण गोदाम में पटाखे नहीं थे, जबकि दयाशंकर के आवासीय मकान में बड़ी मात्रा में रेडीमेड पटाखे रखे हुए थे।

पुलिस ने लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन में बरामद सामग्री को कब्जे में ले लिया। मामले में दयाशंकर और उसके बेटे गणेशदत्त को गिरफ्तार किया गया है। 

लाइसेंस होने के बाद भी आबादी में भंडारण
पुलिस की जांच में सबसे अहम बात यह सामने आई कि कारोबारी के पास पटाखों के भंडारण का लाइसेंस था, लेकिन निर्धारित गोदाम के बजाय आवासीय मकान में सामग्री रखी गई थी। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि पटाखों को गोदाम से मकान तक कब और किस उद्देश्य से लाया गया था और वहां कितनी अवधि से इनका भंडारण किया जा रहा था।

जिलेभर में दुकानों और गोदामों का सत्यापन
प्रयागराज की घटना के बाद पुलिस ने जिलेभर में पटाखा दुकानदारों और कारोबारियों का व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर लाइसेंस, पहचान और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की। साथ ही यह देखा गया कि पटाखों का भंडारण और बिक्री निर्धारित नियमों व सुरक्षा मानकों के अनुसार हो रही है या नहीं। 
विज्ञापन

दुकानदारों को बिना वैध अनुमति या लाइसेंस पटाखे नहीं बेचने और निर्धारित मात्रा से अधिक पटाखों का भंडारण नहीं करने की हिदायत दी गई। टीमों ने दुकानों पर अग्निशमन व्यवस्था, आपात स्थिति में बचाव के साधनों और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।

इनकी रही भूमिका
कार्रवाई में नायब तहसीलदार खजनी जाकिर हुसैन, सिकरीगंज थानाध्यक्ष आशीष कुमार दूबे, उपनिरीक्षक राजेश कुमार सिंह और महिला उपनिरीक्षक ज्योति यादव शामिल रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें