गोरखपुर। त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ती भीड़ के बीच टप्पेबाजी और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लोगों को जागरूक कर रही है। इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) के जरिये चौराहों पर लगे पब्लिक एड्रेस (पीए) सिस्टम से लगातार अपील की जा रही है कि लोग बाजार में खरीदारी और ऑटो या ई-रिक्शा से सफर के दौरान अपने सामान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों को सतर्क किया जा रहा है।
त्योहारों में खरीदारी के लिए बाजारों में भीड़ बढ़ने के कारण टप्पेबाजी और चोरी की आशंका बनी रहती है। इसे देखते हुए पुलिस लोगों से पर्स, मोबाइल, आभूषण और अन्य कीमती सामान सुरक्षित रखने की अपील कर रही है। ऑटो और ई-रिक्शा में सफर के दौरान भी अपने सामान पर नजर रखने की सलाह दी जा रही है। साथ ही, अनजान लोगों पर आंख मूंदकर भरोसा न करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि के प्रति सतर्क रहने को कहा जा रहा है।
तमिलनाडु के गिरोह को लेकर अलर्ट सूत्रों के मुताबिक, टप्पेबाजों का एक गिरोह तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली का बताया जा रहा है। त्योहारों के दौरान इस गिरोह की गतिविधियों की आशंका को देखते हुए पुलिस सतर्क है। सभी थानों को अलर्ट रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में निगरानी के साथ लोगों को जागरूक करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
कोट
त्योहारों के मद्देनजर आईटीएमएस, पीए सिस्टम और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को टप्पेबाजी और चोरी से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है। लोगों से अपील है कि बाजारों में खरीदारी और ऑटो या ई-रिक्शा से यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
-निमिष पाटील, एसपी सिटी