गोरखपुर जंक्शन पर महायोगी गुरु गोरखनाथ की भव्य प्रतिमा लगाने, कैंट व पिपराइच स्टेशन पर ओवरब्रिज बनाने, गोरखपुर से वंदेभारत ट्रेन चलाने, स्टेशनों की सफाई, रेलवे अस्पतालों में डॉक्टरों की भर्ती, जगतबेला स्टेशन पर आरक्षण केंद्र खोलने सहित कई मुद्दे उठाए गए।
पूर्वोत्तर रेलवे की क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति बैठक बुधवार को सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम में आयोजित हुई, जिसमें यात्री सुविधाओं को लेकर कई अहम सुझाव सदस्यों की ओर से दिए गए। गोरखपुर जंक्शन पर महायोगी गुरु गोरखनाथ की भव्य प्रतिमा लगाने, कैंट व पिपराइच स्टेशन पर ओवरब्रिज बनाने, गोरखपुर से वंदेभारत ट्रेन चलाने, स्टेशनों की सफाई, रेलवे अस्पतालों में डॉक्टरों की भर्ती, जगतबेला स्टेशन पर आरक्षण केंद्र खोलने सहित कई मुद्दे उठाए गए।
विज्ञापन
सांसद रवि किशन की ओर से उनके प्रतिनिधि समरेंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि नागरिकों की इच्छा है कि महयोगी गुरू गोरखनाथ की भव्य प्रतिमा स्टेशन परिसर में स्थापित की जाए। इसके अलावा उन्होंने गोरखपुर कैंट स्टेशन और पिपराइच स्टेशन स्थित रेलवे क्रासिंग और डोमिनगढ़ में रोहिन नदी पर डबल लेन रेलवे ओवरब्रिज निर्माण, ललित नरायन मिश्र रेलवे चिकित्सालय में पैरामेडिकल ट्रेनिंग सेंटर, एमबीबीएस ट्रेनिंग सेंटर बनाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि गोरखपुर से पुरी, जोधपुर होते हुए राजस्थान, इंदौर, आसाम और चेन्नई तक सुपरफास्ट ट्रेन चलाना जरूरी है। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र ‘टेनी’, बरेली के सांसद संतोष गंगवार के प्रतिनिधि ने स्टेशनों पर सफाई व्यवस्था को बेहतर कराने का सुझाव दिया। राज्यसभा सदस्य सकलदीप राजभर के प्रतिनिधि ने छोटे स्टेशनों पर भी यात्री सुविधाएं बढ़ाने पर जोर दिया।
विज्ञापन
रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य महेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि गोरखपुर से वंदेभारत जैसी हाईस्पीड ट्रेन को चलाया जाए। उन्होंने गोरखपुर से लखनऊ तक की यात्रा में ज्यादा समय लगने का भी मुद्दा उठाया। कहा कि यह दूरी चार घंटे में तय होनी चाहिए। सदस्य अनूप पांडेय ने जगतबेला स्टेशन पर आरक्षण केंद्र खोलने की मांग की।
अध्यक्षता करते हुए महाप्रबंधक चंद्रवीर रमण ने कहा कि समिति के सदस्यों एवं सांसद प्रतिनिधियों ने जो भी सुझाव दिए हैं, उन पर गंभीरता से ध्यान दिया जाएगा। कमियों को शीघ्र दूर कराने का निर्देश दिया जाएगा। जो सुझाव मेरे कार्य क्षेत्र में नही हैं, उन्हें संबंधित को भेजा जाएगा। बैठक में सांसद प्रतिनिधि, क्षेत्रीय उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य, अपर महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्र, प्रमुख विभागाध्यक्ष सहित वरिष्ठ रेल अधिकारी उपस्थित रहे।