नगर निकाय और एमएलसी चुनाव की तैयारियों के सिलसिले में गोरखपुर आए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने शुक्रवार को सांसद-विधायकों को साफ संदेश दिया। कहा कि भाजपा परिवारवाद को बढ़ावा नहीं देगी। आगामी नगर निकाय चुनाव में कर्मठ कार्यकर्ताओं को टिकट दिया जाएगा। सांसद-विधायकों को टिकट दिलवाने की होड़ से बाहर रहना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प परिवारवाद की जगह भाजपा कार्यकर्ता को आगे बढ़ाने का है।
प्रदेश अध्यक्ष ने सबसे पहले बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में गोरखपुर, देवरिया, महराजगंज और कुशीनगर के क्षेत्रीय, जिला व महानगर इकाई के पदाधिकारियों से सीधा संवाद किया। इसके बाद क्षेत्रीय कार्यालय में गोरखपुर मंडल के सांसद व विधायकों के साथ बैठक करके चुनावी रणनीति बनाई। अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश के नगर निकाय चुनाव नवंबर में ही होंगे। लिहाजा, तैयारियों को तेजी से आगे बढ़ाना है। प्रदेश के 17 नगर निगम, 179 नगर पालिका परिषद, 734 नगर पंचायतों व उनके वार्डों का चुनाव भाजपा के चुनाव चिह्न पर लड़ा जाएगा। हर प्रत्याशी का चुनाव चिन्ह कमल होगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मतदाता सूची नए सिरे से बनवानी है। नए मतदाताओं का नाम जुड़वाना है। जो मतदाता बाहर चले गए या उनकी मृत्यु हो गई, उन सबके नाम हटवाने हैं। मतदान केंद्र व बूथों की जानकारी लेनी है। हर वार्ड के सामाजिक समीकरण की जानकारी भी जरूरी है। घर-घर संपर्क करना है। नगर निकायों की सभी सीटें जीतने के इरादे से चुनाव मैदान में उतरना है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में जीत का फायदा आगामी लोकसभा चुनाव में मिलेगा। नगर निकायों की 26 फीसदी आबादी मतदान करती है। इस मौके पर क्षेत्रीय अध्यक्ष व एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, विधायक श्रीराम चौहान, राजेश त्रिपाठी, सहजानंद राय, सुनील गुप्ता, पुष्पदंत जैन, पीएन पाठक, विनोद पांडेय आदि मौजूद रहे।
एमएलसी चुनाव भी दमदारी से लड़ेगी पार्टी
प्रदेश अध्यक्ष ने एमएलसी चुनाव में जीत का मंत्र भी दिया और कहा कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र गोरखपुर-अयोध्या, लखनऊ-उन्नाव और मुरादाबाद-बरेली का चुनाव नजदीक है। तीनों सीटें भाजपा के पास हैं। जीत बरकरार रहे, इस लिहाज से तैयारियों को अंतिम रूप देना है। वर्तमान एमएलसी मतदाता सूची में नाम बढ़वाने का काम कर रहे हैं। कार्यकर्ता भी जुटकर मतदता सूची में नाम जुड़वाएं। झांसी-बांदा-प्रयागराज और लखनऊ-उन्नाव शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव भी दमदारी से लड़ा जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष का जगह-जगह स्वागत
पहली बार गोरखपुर आए प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया गया। भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष रणजीत राय बड़े, क्षेत्रीय अध्यक्ष पुरुषार्थ सिंह, जिलाध्यक्ष नीरज दुबे, महानगर अध्यक्ष सत्यार्थ मिश्रा और लघु प्रकोष्ठ के संयोजक उमेश अग्रहरी की टीम ने फूल बरसा कर प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। इससे पहले क्षेत्रीय, जिला व महानगर इकाई ने अलग-अलग स्थानों स्वागत समारोह का आयोजन किया। कार्यकर्ताओं का उत्साद देखकर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ताओं के दम पर ही भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनी है। इस मौके पर विश्वजीतांशु सिंह आशु, राहुल श्रीवास्तव, देवेंद्र पाल , जितेंद्र चौधरी जीतू ,रणविजय शाही, शशिकांत सिंह, पदमा गुप्ता, श्वेता श्रीवास्तव, बृजेश मणि मिश्रा व डॉक्टर संजयन त्रिपाठी मौजूद रहे।
पांच नेताओं के घर भी गए प्रदेश अध्यक्ष
प्रदेश अध्यक्ष भाजपा नेताओं के घर भी गए। वह क्षेत्रीय अध्यक्ष व एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह के अलावा राज्यसभा सांसद डॉ आरएमडी अग्रवाल, पंचायत प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रमेश सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री शिव प्रताप शुक्ला और देवरिया से भाजपा सांसद रमापतिराम त्रिपाठी के घर पहुंचे। सबका हाल जाना है। प्रदेश अध्यक्ष की इस पहल को संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने के रूप में देखा जा रहा है।