भारत नेपाल सीमा सोनौली बॉर्डर के पगडंडी श्याम काट के पास एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक युवक के पास मादक पदार्थ हेरोइन बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया। युवक सीमा सील होने के बाद भी पगडंडियों से होकर हेरोइन लेकर नेपाल जा रहा था। इस दौरान टीम ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने बरामद हेरोइन की कीमत करीब एक करोड़ बताया गया है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को एसएसबी सब इंस्पेक्टर कुलदीप कुमार और सोनौली चौकी प्रभारी अशोक कुमार अपने हमराही सिपाही अभय कुमार सहित सरहद के पगडंडियों पर गस्त कर रहे थे। इस दौरान एक युवक एसएसबी रोड की तरफ से श्याम काट की तरफ पगडंडियों के रास्ते नेपाल जा रहा था।
संदेह होने पर जवानों ने उसे रोक लिया और जांच में युवक के पास 107 ग्राम हेरोइन बरामद हुआ। पूछताछ में युवक ने अपना नाम मोहम्मद इंतकाम उर्फ छोटू निवासी वार्ड नंबर 11 बाल्मिकी नगर थाना सोनौली बताया। कोतवाल सोनौली आशुतोष सिंह ने बताया कि हेरोइन के साथ पकड़े गए युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।