उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां थाना परिसर में बैठकर एक दरोगा का 25 हजार रुपये घूस मांगने का वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो गोल्हौरा थाने में तैनात दरोगा का है। मामला संज्ञान में आने के बाद एसपी रामअभिलाष त्रिपाठी ने रिश्वत मांगने वाले दरोगा को निलंबित कर दिया। साथ ही सीओ सदर को मामले की जांच सौंप दी है। सीओ की रिपोर्ट के बाद विभागीय कार्रवाई होगी।
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि थाने में एक स्थान पर कुछ लोग बैठे हैं। यहां थाने के दरोगा से एक मामले में बातचीत चल रही है। इसके बाद दरोगा अपने स्थान से उठकर कुछ दूर आता दिखा रहा है। यहां किसी मुकदमे की जांच में रिपोर्ट के लिए दरोगा द्वारा 25 हजार रुपये की मांग की जा रही है। जिस व्यक्ति से रिश्वत की बात हो रही है उसका चेहरा वीडियो में नहीं दिख रहा है।
वायरल वीडियो एक मिनट 27 सेकेंड का है। रविवार को वीडियो के जरिए मामला एसपी के संज्ञान में आया तो उन्होंने आनन-फानन दरोगा लक्ष्मी नरायण यादव को निलंबित कर दिया। साथ ही मामले की जांच सीओ सदर को सौंप दी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। एसपी रामअभिलाष त्रिपाठी ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने का मामला सामने आने के बाद दरोगा लक्ष्मीनरायण यादव का निलंबित कर दिया गया। सीओ सदर मामले की जांच करेंगे।