पुलिस के मुताबिक, घायल हीरालाल साहनी मुंबई में रहता था। कुछ दिनों पहले गांव आया था। वह नशे का आदी है और जमीन बेचने की फिराक में था। इस बात से विशाल काफी नाराज था। विशाल ने मौसेरे भाई संदीप के साथ हत्या की साजिश रची और मंगलवार की रात में पिता को शराब पिलाने के बहाने पास के बड़हलगंज इलाके के बैरियाखास गांव के पास ले आया। वहां पर चाकू से उसका गला रेतकर हत्या की कोशिश की गई, लेकिन किसी तरह से बचकर हीरालाल गांव के राजी टोला में भागकर चौकीदार हरिवंश के घर पहुंच गया।
चौकीदार ने घायल को मेडिकल कॉलेज इलाज के लिए भेजा। दिनभर तहरीर का इंतजार करने के बाद बुधवार की शाम में चौकीदार ने थाने में इसकी लिखित सूचना दी थी। पुलिस केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी थी। बृहस्पतिवार को पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी साउथ अरुण कुमार सिंह ने कहा कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने बेटे और उसके मौसेरे भाई पर हत्या की कोशिश का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।