महराजगंज के घुघली थानाक्षेत्र के रामपुर बलडीहा गांव में जमीन के मुआवजे की रकम के लिए बड़े बेटे ने पेट्रोल डालकर पिता को जिंदा जलाने की कोशिश की। बीच-बचाव करने पहुंची मां को चाकू से वार कर घायल कर दिया। झुलसे पिता और घायल मां को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी को बेटे को पकड़ लिया है।
जानकारी के अनुसार, घुघली थानाक्षेत्र के रामपुर बलडीहा गांव के सुदर्शन (60) के चार बेटे हैं। सुदर्शन की 63 डिस्मिल जमीन घुघली-महराजगंज रेल मार्ग में निकली है। उन्हें 85 लाख रुपये मुआवजे में मिले थे।
उन्होंने चारों बेटों में 10-10 लाख बांट दिए और शेष 45 लाख रुपये से पत्नी प्रभावती देवी के नाम से जमीन खरीद ली थी। बड़ा बेटा राधे इसे लेकर नाराज था। वह बंटवारे के बाद बची रकम के लिए झगड़ा करता था। राधे की मां प्रभावती (58) ने बताया कि शनिवार की रात करीब 12 बजे राधे नशे में धुत होकर घर पहुंचा और पिता को गाली देने लगा।
पिता ने टोका तो उनसे उलझ गया। आरोप है कि राधे एक डब्बे में पेट्रोल लेकर आया था। विवाद के बीच उसने रजाई ओढ़कर लेटे पिता पर पेट्रोल उड़ेल दिया और आग लगा दी। आग लगने पर सुदर्शन चिल्ला उठे। यह सुनकर बगल के कमरे में सो रहीं प्रभावती बचाने पहुंचीं तो राधे ने चाकू से हमला कर उन्हें भी घायल कर दिया।