- रामगढ़ताल में सहारा इस्टेट के पास रिंग रोड पर बननी है नई जेट्टी
- ताल में स्थान चिह्नित कर जीडीए निर्माण शुरू कराने की तैयारी में जुटा
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। रामगढ़ताल के किनारे सहारा इस्टेट से कुनराघाट तक बनने वाले रिंग रोड पर नई जेट्टी बनाने के लिए ताल में मिट्टी परीक्षण का काम शुरू हो गया है। इसके लिए ताल में कई स्थानों पर मिट्टी का नमूना लिया जा रहा है। मिट्टी परीक्षण के बाद उपयुक्त स्थान पर नई जेट्टी का निर्माण कराया जाएगा।
रामगढ़ताल के नौकायन घाट पर एक जेट्टी बनाई गई है, जिसका संचालन पर्यटन निगम करता है। रामगढ़ताल में क्रूज का संचालन इसी पुरानी जेट्टी से शुरू होने पर पर्यटन निगम ने आपत्ति दर्ज कराई। इसकी जानकारी शासन तक पहुंची तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामगढ़ताल में नई जेट्टी बनाने के लिए जीडीए को निर्देशित किया। इसके बाद जीडीए ने नई जेट्टी के निर्माण को लेकर प्रस्ताव तैयार किया। इस प्रस्ताव को जीडीए बोर्ड से भी सहमति मिल गई है। इस नई जेट्टी का निर्माण रामगढ़ताल में सहारा एस्टेट से कुनराघाट तक बनने वाले रिंग रोड पर किया जाएगा। जीडीए के अधिशासी अभियंता नरेंद्र कुमार ने बताया कि नई जेट्टी के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नई जेट्टी का निर्माण सहारा इस्टेट से आगे रिंग रोड पर होना है। इसको लेकर ताल में मिट्टी परीक्षण का काम शुरू कर दिया गया है।
नई जेट्टी के निर्माण में खर्च होंगे तीन करोड़ रुपये
रामगढ़ताल में नई जेट्टी सहारा इस्टेट के पास रिंग रोड पर बनाने का निर्णय लिया है। नई जेट्टी की डिजाइन भी बन गई है। डीपीआर भी तैयार कर लिया गया है। जेट्टी के निर्माण पर करीब तीन से चार करोड़ रुपये खर्च हो सकता है। इस जेट्टी को रिंग राेड के बीचो-बीच बनाने का प्रयास है, जिससे की दोनों तरफ से कनेक्टिविटी बनी रहे।
-
पर्यटकों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है डिजाइन
नई जेट्टी को पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए डिजाइन किया गया है। इसमें गलियारा को दोगुना चौड़ा करने का निर्णय लिया गया है। पुरानी जेट्टी पर जाने के लिए बना गलियारा पतला है, इसलिए नई जेट्टी पर जाने वाले रास्ते को चौड़ा किया जाएगा। इसके अलावा उसका क्षेत्रफल भी अधिक रहेगा।
-
पर्यटकों का भीड़ बांटने में होगा सहायक
रामगढ़ताल के सुंदरीकरण के बाद आए दिन नौकायन पर पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में जीडीए पर्यटकों की भीड़ को बांटने के लिए रामगढ़ताल के दूसरे हिस्से को भी विकसित करने की योजना के तहत सहारा स्टेट की तरफ नई जेट्टी बनाने का निर्णय लिया है।
-
वर्जन...
सहारा स्टेट के पास रिंग रोड पर नई जेट्टी बनाने के लिए डिजाइन तैयार है। सहारा एस्टेट से आगे बीचो-बीच में जेट्टी बनाने की तैयारी है। इसको लेकर मिट्टी परीक्षण कराया जा रहा है। इसके निर्माण में तीन से चार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसका डीपीआर तैयार हो गया है।
आनंद वर्द्धन, उपाध्यक्ष जीडीए