गोरखपुर खाद कारखाना का निरीक्षण करते सीएम योगी।
- फोटो : अमर उजाला।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (एचयूआरएल) के खाद कारखाने को किसानों और नौजवानों के लिए बड़ी सौगात बताते हुए कहा है कि इस खाद कारखाने में कुछ स्किल डेवलपमेंट सेंटर भी खोले जाएंगे। इससे यहां से प्रशिक्षण प्राप्त कर नौजवान रोजगार प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि इस कारखाने में 8000 का सबसे बड़ा निवेश हुआ है जिससे प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 2016 में इस खाद कारखाने का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था और शीघ्र ही उनके ही हाथों इसे राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी बृहस्पतिवार को गोरखपुर खाद कारखाने का केंद्रीय उर्वरक व रसायन मंत्री डीवी सदानंद गौड़ा के साथ निरीक्षण करने के बाद पत्रकार वार्ता में बोल रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा किसी को उम्मीद नहीं थी, 26 साल से बंद खाद कारखाने की जगह नया प्लांट लग सकेगा लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदृष्टि से यह संभव हुआ है। किसानों को समय से खाद व रसायन की आपूर्ति में यह खाद कारखाना मिल का पत्थर बनेगा।
सीएम योगी ने कहा कि खाद कारखाने से गोरखपुर की स्मृतियां फिर ताजा हो गई हैं। 1967-68 में जापान की टोयो कंपनी ने फर्टिलाइजर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया के लिए यहां बहुत अच्छा प्लांट लगाया था। यहां बनी यूरिया यूपी, बिहार और बंगाल तक के किसानों के बीच लोकप्रिय थी। प्रसन्नता की बात है कि आज वही टोयो कम्पनी, हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड के लिए प्लांट लगाया है।