गोरखपुर। एम्स परिसर में मंगलवार शाम टाइप-4 ब्लॉक के पीछे सफाई के दौरान बच्चे जैसा दिखने वाला कंकाल मिलने से हलचल मच गई। जेसीबी चालक की सूचना पर पहुंची एम्स चौकी पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर जांच के लिए एम्स के मर्चरी हाउस भेज दिया। शुरुआती जांच में उसके ऑर्थोपेडिक चिकित्सकों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली डमी होने की आशंका जताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, तीन नवंबर की शाम करीब छह बजे एम्स के डिप्टी डायरेक्टर ने चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक हिमांशी पांडेय को इसकी सूचना दी। बताया गया कि टाइप-4 ब्लॉक के पीछे सफाई के दौरान जेसीबी चालक को मानव कंकाल जैसा ढांचा दिखाई दिया है। सूचना पर चौकी प्रभारी पुलिसकर्मियों और एम्स के सुरक्षा गार्डों के साथ मौके पर पहुंचीं।
जांच के दौरान ढांचे के जोड़ों पर नट-बोल्ट और स्क्रू लगे मिले। इससे उसके ऑर्थोपेडिक डमी होने की आशंका जताई गई। इसके बाद पुलिस ने एम्स के मर्चरी हाउस के चिकित्सक डॉ. आशीष सर्राफ को जानकारी दी। चिकित्सक के निर्देश पर ढांचे को सील कर विस्तृत जांच और सत्यापन के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया गया।
थाना प्रभारी महेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि ढांचे के वास्तविक स्वरूप की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।