गोरखपुर में दरोगा की विदाई समारोह के दौरान रविवार देर रात खोराबार थाने में जमकर बवाल हुआ। जातिगत टिप्पणी व गालीगलौज पर दरोगा व सिपाही आपस में भिड़ गए। एक दूसरे पर कुर्सियां फेंकी गईं। दारोगा और सिपाहियों में हाथापाई भी हुई है।
बताया जा रहा है कि एक दारोगा की विदाई पर एक ठेकेदार ने थाने में दावत दी थी। घटना का वीडियो वायरल हुआ तो डीआईजी/एसएसपी जोगेंद्र ने संज्ञान लिया। डीआईजी ने प्रकरण की जांच सीओ कैंट से कराई और छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर थानेदार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई का आदेश दिया। इस मामले में दरोगा अश्विनी कुमार चौबे, दिनेश कुमार यादव, रविसेन यादव, मुख्य आरक्षी मनोज सिंह, आरक्षी मुकेश यादव, आरक्षी चालक राजेश यादव को निलंबित किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, खोराबार थाने में तैनात एक दारोगा 31 जनवरी को सेवानिवृत्त हुए थे। थाने पर तैनात पुलिसकर्मियों ने रविवार रात में विदाई समारोह का आयोजन किया। बताया जा रहा है कि दावत का भी आयोजन किया गया था। इसका खर्च एक ठेकेदार ने उठाया। भोजन के दौरान एक दरोगा व सिपाही भिड़ गए।