गीडा थाना क्षेत्र के नौसड़ में होली के दिन जीप की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। दुर्घटना में उसके दोनों साथी घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, बेलीपार इलाके के गड़वापार निवासी 19 वर्षीय गणेश यादव अपने दो दोस्तों शिव कुमार यादव निवासी महाबीर छपरा व आदित्य निषाद निवासी भलुवान कोठा थाना गगहा के साथ स्कूटी से नौसड़ जा रहा था।
नौसड़ स्थित बादशाह लान के सामने पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे कि जीप ने ठोकर मार दी। जिससे स्कूटी सवार तीनों गिर गए। गणेश को गंभीर चोट आई। स्थानीय लोगों ने तीनों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने गणेश को मृत घोषित कर दिया। शेष दोनों को मामूली चोट लगी थी।
गीडा में कार ने युवक को रौंदा, मौत
होली के दिन सुबह 5.30 बजे टहलने निकले जवाहर चक नौसड़ निवासी राजकिशोर यादव (38) को लखनऊ की तरफ से आ रही कार ने रौंद दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। उनके भाई मुकेश यादव की तहरीर पर पुलिस ने चालक पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। जानकारी के मुताबिक, राजकिशोर रोजाना सुबह घर से टहलने निकलते थे। बुधवार सुबह भी वह टहलने निकले थे कि हादसा हो गया। ब्यूरो
हरपुर बुदहट इलाके के दो अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में बालक सहित तीन लोग घायल हो गए। निजी अस्पतालों में सभी का इलाज चल रहा है। हरपुर बुदहट थाने के सामने ईंट भट्टे के कुछ मजदूर बाजार करने जा रहे थे कि दो पहिया वाहन ने मजदूर के लड़के सत्यम (5) को ठोकर मार दिया, जिससे उसके चेहरे और हाथ पर चोट लगी। खलीलाबाद में निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
उधर, बुधवार शाम हरपुर बाजार से रेवड़ा जा रहे दो बाइक सवार अरुण और जवाहिर हरपुर-घोठवा मार्ग पर अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गए, जिससे दोनों के सिर और चेहरे में चोट आई। ब्यूरो
घर से ड्यूटी जा रहा सिपाही सड़क हादसे में घायल
गुलरिहा थाने में तैनात पुलिसकर्मी बुधवार की रात आवास से ड्यूटी जाते समय मोगलहा के पास सड़क दुर्घटना में घायल हो गया। मिली जानकारी के मुताबिक, सिपाही सुरजीत कुमार बाइक लेकर झुंगिया बाजार ड्यूटी जा रहे थे।
मोगलहा स्थित पेट्रोल पंप के समीप अचानक दो गाय सड़क पार करने लगीं जिनसे टकराकर सिपाही घायल हो गया। मेडिकल चौकी पुलिस सिपाही को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। उसके गले के पास की हड्डी फ्रैक्चर हो गई है।
पैदल जा रहे दो लोगों को वाहन ने रौंदा, मौत
झंगहा और गीडा क्षेत्र में बुधवार को वाहन की चपेट में आने से मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान रसूलपुर झंगहा की 55 वर्षीय रामरती व चपरहट, गीडा के 72 वर्षीय रामधारी की मौत हो गई। दोनों के परिजनों ने बताया कि पैदल जाते समय हादसा हुआ।