गोरखपुर। सरमाउंट क्रिकेट एकेडमी की ओर से सहारा क्रिकेट ग्राउंड पर चल रहे जूनियर अंडर-14 क्रिकेट सीरीज में बुधवार को डीसीए क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सरमाउंट क्रिकेट एकेडमी को पांच विकेट से हरा दिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए सरमाउंट क्रिकेट एकेडमी की टीम ने निर्धारित 40 ओवरों में सभी विकेट खोकर 179 रन बनाए। टीम की ओर से आदित्य सिंह ने 56 रन, नैतिक ने 23 रन, यश यादव ने 14 रन और मनकामेश्वर उपाध्याय ने 10 रन का योगदान दिया। डीसीए क्लब की ओर से गेंदबाजी में सिद्धार्थ सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सात ओवर में 34 रन देकर पांच विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीसीए क्लब की टीम ने 30.3 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य को प्राप्त कर लिया। टीम की ओर से आरव सिंह ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 58 रन बनाए। दिव्यांश यादव ने 43 रन और कप्तान देवांश शाही ने नाबाद 28 रन की उपयोगी पारी खेली। सरमाउंट क्रिकेट एकेडमी की ओर से अथर्व त्रिपाठी ने दो विकेट लिए, जबकि रेयांश दूबे और आर्यन त्रिपाठी को 1-1 सफलता मिली। मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए डीसीए क्लब के तेज गेंदबाज सिद्धार्थ सिंह को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार क्रिकेट कोच दुर्गेश चौधरी ने प्रदान किया।